जींद। डिलीवरी के दौरान धोखाधड़ी कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस नरवाना ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
हरियाणा डिलीवरी लिमिटेड कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर अमित गतौली ने पुलिस एफआईआर में बताया कि उनकी कंपनी ग्राहकों को सामान डिलीवर करने का काम करती है। हनुमान नगर नरवाना निवासी रोहित कुमार कार्य संचालन के साथ डिलीवरी बाय का काम करता था। उसे कंपनी की सभी कार्य प्रक्रिया की जानकारी थी।
कस्टमर ने कंपनी से फोन नंबर के माध्यम से शिपमेंट फोन और इलेक्ट्राॅनिक आइटम की साइट से प्रीपेड भुगतान करके ऑर्डर किए थे। डिलीवरी के समय कैंसिल करने से अमेजन कंपनी ने शिपमेंन्ट मूल्य ग्राहक को तुरंत वापस कर दिया जाता था। जब पैसा इनके अकाउंट में आ जाता तो ये शिपमेंट को डिलीवर करवा देते थे जिससे शिपमेंट भी कस्टमर को मिल गया और पैसे भी वापस आ गए।
इस प्रकार रोहित और कस्टमरों ने मिलकर मार्च और अप्रैल 2025 में 30 शिपमेंट जिनका मूल्य 17,55,166 रुपये था उनकी धोखाधड़ी कर ली। ये सभी शिपमेंट गांव दनौदा के पते पर मंगवाए गए थे और वहीं डिलीवर किए गए थे। ये सभी शिपमेंट एक ही फोन से आर्डर किए गए थे। गुमराह करने के लिए नाम और पता फर्जी डाले गए थे। पुलिस ने रोहित के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।