सफीदों । बुढ़ाखेड़ा गांव के पास हुए हादसे का शिकार हुए फौजी सुधीर की घायल छह वर्षीय बेटी बिंदू की भी पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह ही गांव लखमीरवाला (जींद) से मृतक सुधीर के परिजन नागरिक अस्पताल सफीदों पहुंच गए थे। पुलिस ने सेना के जवान सुधीर के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। सेना की टुकड़ी ने सुधीर के पार्थिव शरीर पर तिरंगा लपेटा। उसके बाद नम आंखों से सेना के जवान व परिवार के लोग सुधीर के पार्थिव शरीर को लेकर गांव की ओर रवाना हो गए और अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सफीदों-जींद मार्ग पर स्थित गांव बुढ़ाखेड़ा के पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को दो बाइकों की टक्कर हो गई थी। इस हादसे में मुआना निवासी 22 वर्षीय भूपेंद्र और 37 वर्षीय सुधीर की मौत हो गई थी। इसके अलावा मुआना निवासी मनदीप, मृतक सुधीर की बेटी बिंदू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें नागरिक अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। वीरवार को उपचार के दौरान बिंदू ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता सूरजभान ने बताया कि सुधीर पिछले 15 साल से सेना में तैनात था और उसकी तैनाती रुड़की (उत्तराखंड) में थी। अभी वह दस दिन पहले ही छुट्टी पर आया था। छुट्टियां कम होने के कारण वह चाहता था कि वह अपनी बुआ से मिल आए। इसी के चलते वह बाइक पर अपनी बेटी बिंदू को बैठाकर सफीदों की आदर्श काॅलोनी में रहने वाली अपनी बुआ के यहां कोथली देने के लिए आ रहा था और रास्ते में यह हादसा हो गया। वह अपनी बहन के पास भी जाना चाहता था लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूूर था।