24जेएनडी15-लघु सचिवालय में नए बजट की प्रतियां फूंकते किसान। संवाद
नरवाना। अखिल भारतीय किसान सभा के लघु सचिवालय में चल रहे धरने पर किसान विरोधी बजट की किसानों ने प्रतियां फूंकीं और सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। राज्य प्रधान मा. बलबीर सिंह ने कहा कि मंगलवार को जो बजट वित मंत्री ने पेश किया है। वह पूरी तरह से किसान विरोधी तथा आम जनता के हक का नहीं है। बजट में सब्सिडी 15 हजार करोड़ रुपये की कटौती की गई है। बजट में किसानों की एमएसपी फसल खरीद की गारंटी, बिजली बिल विधेयक पर सरकार ने कोई बात नहीं की है। यह बजट कोरे सपने जैसा व छलावा मात्र है। कृषि यंत्रों, खाद, बीज की सब्सिडी में कटौती की है लेकिन सोना चांदी पर टैक्स घटाया गया है। शिक्षा पर भी बजट कम किया है। दो दिन पहले सरकार ने किसानों के प्रतिनिधियों से बात करके आश्वासन दिया था कि किसानों की मांगों को पूरा किया जाएगा लेकिन उसके विपरीत बजट किसानों के लिए फिर से निराशा लेकर आया है। सरकार ने किसानों के साथ एक बार फिर वायदा खिलाफी की है। अब किसानों को संगठित आंदोलन खड़ा करके सरकार को जवाब देंगे। इस अवसर पर बलजीत मांडी, निहाल सिंह, सुरजीत नंबरदार, सतपाल, बालकृष्ण शर्मा, रामधारी ढाकल, जसवंत डोहाना खेड़ा, इंद्र सिंह, अजमेर फुलिया खुर्द, रामप्यारी, छोटी, डिंपल मौजूद रही।