कोरोना पॉजिटिव लोगों के घरों के बाहर क्वारंटीन का पर्चा चस्पा करते स्वास्थ्य कर्मचारी।
- फोटो : Jind
मंगलवार को जिले में तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ाकर 82 पहुंच गई है। इनमें से चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 35 लोग ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। जिले में फिलहाल 43 एक्टिव केस हैं। वहीं जुलाना थाना प्रभारी समेत सभी 14 पुलिस कर्मचारियों व एक चिकित्सक समेत तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि 13 अप्रैल को हकीकत नगर निवासी लोको पायलट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 14 अप्रैल को इसके परिवार के आठ सदस्यों के सैंपल लिए गए थे। इनकी मंगलवार को रिपोर्ट आई तो लोको पायलट की 26 वर्षीय पुत्रवधू पॉजिटिव मिली। महिला को उसके घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। वहीं पटियाला चौक स्थित आदर्श नगर निवासी 28 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। युवक 14 जून को बेंगलुरु से आया था। युवक वहां की एक कंपनी में काम करता है। यह अपनी गाड़ी से सीधे नागरिक अस्पताल पहुंच कर सैंपल दिया था। आज उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक को घर में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। तीसरी रिपोर्ट गांव बरसोला निवासी पॉजिटिव मिले व्यक्ति के 15 वर्षीय पोते की आई है। बरसोला निवासी व्यक्ति आठ जून को गांव में हुए झगड़े में घायल हुआ था। इसके बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। पीजीआई में इसकी कोरोना जांच पॉजिटिव आई थी। इसके बाद परिजनों के सैंपल लिए गए तो मंगलवार को पोते की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
जुलाना थाना प्रभारी समेत 14 कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव
गत दिनों जुलाना के एक युवक के पॉजिटिव आने तथा इसके संपर्क में आए जुलाना थाना प्रभारी समेत 14 पुलिस कर्मचारियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक चिकित्सक तथा दो अन्य कर्मचारी भी इस युवक के संपर्क में आए थे। इन सभी के स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपल लिए गए थे। अब इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिले में फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है। मंगलवार को तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब तक 82 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से चार की मौत हो चुकी है, जबकि 35 लोग ठीक होकर घर पहुंच चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग अपनी तरफ से हर प्रकार की कोशिश कर रहा है।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन, जींद।