03जेएनडी01-सब यार्ड में खड़ी हाइड्रोजन ट्रेन, जिसको उद्घाटन का इंतजार है। संवाद
जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब उद्घाटन की औपचारिकता पूरी होने का इंतजार कर रही है। रेलवे ने उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री और रेलमंत्री से समय मांगा है। समय मिलने पर उद्घाटन की तारीख तय कर दी जाएगी। फिलहाल, हाइड्रोजन ट्रेन शकूरबस्ती शेड के नीचे खड़ी है।उद्घाटन के बाद यह ट्रेन जींद से सोनीपत रूट पर दौड़ेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोजन ट्रेन और उससे जुड़े प्लांट का ट्रायल और निरीक्षण प्रक्रिया पहले ही सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। हाल ही में मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) जनक कुमार गर्ग और आरडब्ल्यूएस की टीम निरीक्षण कर लौट चुकी है।
निरीक्षण के दौरान हाइड्रोजन प्लांट और हाइड्रोजन ट्रेन तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर ट्रेन खरा उतर चुकी है। विशेषज्ञों की टीम ने हर पहलू की बारीकी से जांच की थी और संतोषजनक रिपोर्ट दी थी।
हाइड्रोजन ट्रेन के शुरू होने से इस रूट पर यात्रा और भी पर्यावरण अनुकूल होगी। क्योंकि ट्रेन डीजल की बजाय हाइड्रोजन ईंधन से चलेगी और प्रदूषण को काफी हद तक कम करेगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह पहल भारतीय रेलवे के लिए बड़ा कदम साबित होगी और भविष्य में अन्य रूटों पर भी हाइड्रोजन ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ करेगी। फिलहाल सभी की निगाहें उद्घाटन की तारीख पर टिकी हैं।