03जेएनडी07-पुलिस गिरफ्त में पकड़ा गया नशा तस्कर। स्रोत पुलिस
जींद। सीआईए स्टाफ नरवाना ने जनवरी में 276 किलोग्राम चूरापोस्त की बरामदगी के मामले के मुख्य आरोपी डूमरखा निवासी मनीष को दबोचा लिया है। आरोपी ने अपने खेत में लोहे का तहखाना बना रखा था।
तहखाने को छिपाने के लिए उसके ऊपर पराली और गोबर डाल दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो। तहखाने में वह भारी मात्रा में चूरापोस्त छिपाकर रखता था।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि फरार आरोपी मनीष कुछ दिन पहले कैथल में एनडीपीएस के एक मामले में पेशी पर कोर्ट में गया था। कैथल अदालत ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए थे। दो मई को आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके अदालत परिसर नरवाना से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे छह दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से नशे से जुड़े नेटवर्क बारे पूछताछ की जाएगी। इस मामले में पहले ही नशा तस्कर डूमरखा निवासी सुमित को चूरापोस्त सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया था।