बिजली के मीटर की रीडिंग का काम करने वाली कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही उपभोक्ता व निगम कर्मचारियों पर भारी पड़ रही है। लोगों को मिल रहे बिजली के बिल में खामियां हैं, जिसके चलते उपभोक्ता ठीक करवाने के लिए निगम कार्यालय पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं, इनके बिल ठीक करने के लिए बिजली निगम के कर्मचारियों को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। प्रतिदिन 20 से अधिक उपभोक्ता बिजली बिल ठीक करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
जुलाना निवासी प्रवीण, अनिल, कृष्ण व प्रदीप ने बताया कि पिछले कुछ महीने से उन्हें बिजली का बिल नहीं दिया गया है। बिजली का बिल समय पर नहीं मिलने के कारण सरचार्ज भी उन्हें अदा करना पड़ रहा है। इसके अलावा उनके बिजली मीटर की रीडिंग भी सही नहीं ले रहे है। जिससे उन्हें कार्यालय में आकर बिल को दोबारा चेक करवाकर भरवाना पड़ रहा है। ऐसे में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारियों ने बिजली निगम के उपभोक्ताओं के नाक में दम कर रखा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि बार-बार उपमंडल अधिकारी को शिकायत देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट
बिजली निगम के उच्च अधिकारियों ने बिजली मीटर की रीडिंग लेने, बिल बांटने का वर्क आर्डर टीडीएस कंपनी को किया हुआ है। समय पर रीडिंग नहीं लेने व बिल उपभोक्ताओं को नहीं मिलने की शिकायत बार-बार मिल रही है। टीडीएस कंपनी के कर्मचारियों को समय पर रीडिंग लेने और बिल बांटने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके है। उसके बावजूद भी अगर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को करके वर्क आर्डर को टर्मिनेट करने के लिए पत्र भेजा जाएगा।
-विरेंद्र सिंह, एसडीओ, बिजली निगम