जींद। करवाचौथ और दीपावली नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक छा गई है। महिलाएं करवाचौथ के लिए साज-सज्जा का सामान खरीदने में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर नवरात्र को लेकर पूजा सामग्री, माता की चुनरी, शृंगार और भोग प्रसाद की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। खरीदारी करने आए श्रद्धालु और ग्राहक भी उत्साह से भरे नजर आ रहे हैं।
बाजारों की गलियां रंग-बिरंगी चुनरियों, सजावटी दीपकों और आकर्षक उपहारों से सजी हुईं हैं। शहर के मेन बाजार, सब्जी मंडी, नई अनाज मंडी और मंदिरों के आसपास के इलाकों में लोगों की चहल-पहल लगातार बढ़ रही है। शाम होते ही जगह-जगह बिजली की झालरों और लाइटिंग से बाजार चमक रहे हैं।
करवाचौथ की तैयारी में जुटी महिलाएं
करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए बाजार में तरह-तरह की साड़ियों, सूट, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और आभूषणों की नई-नई वैराइटी उपलब्ध है। मेंहदी लगाने वालों की दुकानों पर भीड़ उमड़ी हुई है। शृंगार का सामान, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर और कॉस्मेटिक दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रहती है।
पूजा सामग्री की दुकानों पर बढ़ी भीड़
नवरात्र को लेकर मंदिरों और पूजा सामग्री की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। माता की चुनरी, नारियल, कलश, अगरबत्ती, घी के दीपक और सजावटी सामान की बिक्री तेजी से हो रही है। भक्त मंदिरों में जाकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं और बाजार से पूजा सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।
ऑफर से ग्राहकों में खुशी
पिछले सालों की तुलना में इस बार बिक्री अच्छी हो रही है। त्योहारों के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। ग्राहकों को भी नए-नए सामान और ऑफरों से खुशी हो रही है। महिलाएं कपड़ों के साथ-साथ आभूषणों की खरीदारी में लगी हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया है ताकि ग्राहक आकर्षित हों।
-आशीष, स्वर्णकार
बर्तनों की भी हो रही खरीदारी
दीपावली पर अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है। काफी समय से बाजार मंदी की मार झेल रहा था लेकिन अब दुकानदारों का कहना है कि बाजार में त्योहारों को लेकर रौनक लगी रहती है। महिलाएं कपड़ों के साथ-साथ बर्तन भी खरीद रहीं है।
-अनिल मंगला, दुकानदार
27जेएनडी16 : त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ी भीड़ । संवाद
27जेएनडी16 : त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ी भीड़ । संवाद
27जेएनडी16 : त्योहारी सीजन में बाजारों में उमड़ी भीड़ । संवाद