06जेएनडी06: नागरिक अस्पताल जहां पर हरित क्षेत्र के रखरखाव और सुंदरीकरण के काम होंगे। संवाद
जींद। शहर के नागरिक अस्पताल परिसर को अधिक स्वच्छ, हरा-भरा और आकर्षक बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। हरियाणा लोक निर्माण विभाग के उद्यान विंग ने अस्पताल में लैंडस्केपिंग कार्य की विशेष मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया है। इस परियोजना पर 5 लाख 30 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
विभाग की ओर से जारी टेंडर के अनुसार नागरिक अस्पताल परिसर में उद्यानों और हरित क्षेत्रों के रखरखाव, सुंदरीकरण और विशेष मरम्मत से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत पौधरोपण, घास और सजावटी पौधों का रखरखाव, क्यारियों की मरम्मत, हरित पट्टियों को व्यवस्थित करना तथा परिसर को अधिक आकर्षक बनाने के लिए आवश्यक कार्य शामिल किए जा सकते हैं।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सुथरा और हरा-भरा वातावरण मरीजों को बेहतर अनुभव देने के साथ-साथ मानसिक सुकून भी प्रदान करता है। अस्पताल परिसर में हरियाली बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा तथा परिसर की सुंदरता में इजाफा होगा।
नागरिक अस्पताल में किए जा रहे हैं विकास और सुधार कार्य
नागरिक अस्पताल में कुछ समय से विभिन्न विकास और सुधार कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अब लैंडस्केपिंग और उद्यानों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि अस्पताल परिसर को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद अस्पताल का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ, सुंदर और सकारात्मक दिखाई देगा, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
बाक्स
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 1500 से 1800 के मध्य मरीज इलाज के लिए आते हैं। यहां पर हरियाली बढ़ने मरीजों को मानसिक शांति मिलेगी और अस्पताल का सुंदरीकरण होगा। इसके लिए टेंडर लगाया गया है। जो अस्पताल में हरियाली भी बढाएगा।
-डॉ. सुमन कोहली सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।