संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर की गलियों और सड़कों पर लटके हुए और जर्जर तार अब नजर नहीं आएंगे। बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए बिजली निगम 54 करोड़ रुपये की लागत से जर्जर नेटवर्क को बदलेगा।
शहर में करीब 750 किमी. एचटी आर्मर्ड केबल बिछेगी और जर्जर पोल की जगह 14,290 नए पोल लगाए जाएंगे। इससे न केवल बिजली आपूर्ति में सुधार होगा बल्कि हादसों में भी कमी आएगी। बिजली चोरी भी काफी हद तक रुक जाएगी।
शहर में लंबे समय से जर्जर तारों, अक्सर टूटने वाली लाइनें और तेज हवा या बरसात के दौरान बार-बार होने वाले फाल्ट की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। क्योंकि आर्मर्ड केबल बिछाए जाने के बाद गलियों और सड़कों के ऊपर लटकते पुराने तारों का जाल पूरी तरह हट जाएगा।
शहर में पटियाला चौक, कैथल रोड, नरवाना रोड, पटेल नगर, रेलवे रोड, श्याम नगर, शिवपुरी कॉलोनी, रामनगर, रोहतक रोड, ओमनगर, अमरहेड़ी गांव के पास एचटी आर्मर्ड केबल बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ जगह काम जारी है।
एचटी आर्मर्ड केबल बिछाने जाने के बाद खासकर शहर के भीतरी इलाकों, तंग गलियों और अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए काफी फायदा होगा। क्योंकि वहां लटकते तार सबसे बड़ी समस्या बने हुए थे।
वहीं कुछ जगह काफी समय से खड़े पोल जर्जर हो चुके हैं या फिर गिरने की कगार पर हैं। ऐसे में उनकी जगह नए पोल खड़े किए जाएंगे। इसके अलावा निगम लगभग 1320 कंडक्टर भी बदलेगा। रोहतक रोड, गोहाना रोड, सफीदों रोड पर अभी खंभे खड़ा करने, केबलिंग का काम जारी है। इसके बाद नया बस अड्डा रोड की तरफ काम शिफ्ट होना है।
आर्मर्ड केबल के फायदे
आर्मर्ड केबल एक विशेष प्रकार की विद्युत केबल होती है जिसमें बाहरी यांत्रिक क्षति, जैसे कुचलने, घर्षण, या काटने से बचाने के लिए स्टील के तार या टेप की एक अतिरिक्त मजबूत परत होती है। इससे यह भूमिगत बिजली आपूर्ति, औद्योगिक उपयोग और कठिन वातावरण में बेहद टिकाऊ और सुरक्षित बन जाती है। इसमें मुख्य कंडक्टरों के ऊपर इंसुलेशन और फिर यह स्टील या एल्यूमीनियम की आर्मरिंग होती है, जो इसे मजबूत बनाती है। आर्मर्ड केबल धातु के मजबूत आवरण से सुरक्षित होती है। इस कारण निगम आर्मर्ड केबल को पूरे शहर में प्राथमिकता से बिछा रहा है।
तारों के ताम-झाम से मिलेगा छुटकारा
फिलहाल शहर के पंजाबी बाजार, तांगा चौक, झांझ गेट, शहर थाना पुलिस एरिया, बैंक रोड, आशरी गेट, सफीदों गेट, अपराही मोहल्ला एरिया में तारों के गुच्छे बने हुए हैं। इस कारण यहां बारिश या तूफान के दौरान तारों के आपस में टकराने से स्पार्किंग होती रहती है जिससे कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है। अब आर्मर्ड केबल बिछाने के बाद बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर होगी बल्कि शहर की सूरत भी बदलेगी। खुले में फैले तार हटने से गलियां साफ-सुथरी और व्यवस्थित दिखाई देंगी।
उपभोक्ताओं को गर्मियों में नहीं होगी परेशानी
बिजली निगम की यह परियोजना गर्मी के मौसम तक पूरी हो जाएगी। शहरवासियों को गर्मी के मौसम में लगने वाले कट व कम वोल्टेज का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। गर्मी के मौसम में तो निगम सर्कल में 500 से अधिक रोजाना शिकायत दर्ज होती हैं उनमें ज्यादातर कम वोल्टेज और लगने वाले कटों से संबंधित है।
-
54 करोड़ से शहर में आर्मर्ड केबल बिछाने, पोल खड़ा करने का काम चल रहा है। काम पूरा होने के बाद कटों और कम वोल्टेज की समस्या कम हो जाएगी। यह कार्य गर्मी के मौसम से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद