25जेएनडी32: बड़ बस्ती, इंदिरा कॉलोनी और शास्त्री नगर में बनने वाली गलियां का शिलान्यास करते हुए
नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र नरवाना के ग्रामीण और शहरी इलाकों में विकास कार्यों का शुभारंभ और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को पीने के पानी, बिजली, चिकित्सा, स्वच्छता और शिक्षा जैसी हर सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
मंत्री बेदी ने शहर के हरिनगर में लगभग 42 लाख रुपये की लागत से बनी गली का उद्घाटन किया। साथ ही, बड़ बस्ती, इंदिरा कॉलोनी और शास्त्री नगर में 1 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गलियों का शिलान्यास भी किया।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 1 में गलियों के निर्माण से पहले सीवरेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी, ताकि भविष्य में गलियों को नुकसान न हो। मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना क्षेत्र के लिए बड़े विकास प्रोजेक्ट पाइपलाइन में हैं। धनौरी ड्रेन तक 27 किलोमीटर की सीवरेज पाइपलाइन का कार्य 15 जुलाई तक पूरा हो जाएगा। इससे क्षेत्र में ओवरफ्लो की समस्या खत्म होगी। इसके अलावा, चमेला कॉलोनी में 11 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज सिस्टम का कार्य भी शुरू हो चुका है। इससे लाइन पार के क्षेत्र का विकास होगा।
उन्होंने कहा कि दनौदा और कलौदा से नरवाना तक सड़क बनने से दूरी कम होगी। इससे नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
इस मौके पर नगर परिषद चेयरपर्सन मुकेश मिर्धा, पार्षद प्रतिनिधि विशाल मिर्धा, डॉ. संजय, जसबीर कलौदा, बलदेव वाल्मीकि, रिछपाल शर्मा, नगर पार्षद सरिता चौहान बलवान साक्य, सतप्रकाश सैनी, एक्सईएन नगर परिषद सतीश गर्ग मौजूद रहे।