सफाई कर्मचारियों को कीट वितरित करते हुए नगर परिषद ईओ व अन्य। संवाद।
नरवाना। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह करने वाले कर्मचारियों को नई यूनिफॉर्म और सुरक्षा उपकरण किट वितरित की है। अब कर्मचारी टोपी और संतरी रंग की जैकेट पहनकर घर-घर से कूड़ा उठाते नजर आएंगे। इससे उनकी पहचान आसान होगी और कार्य के दौरान सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कोहाड़ ने बताया कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। कर्मचारियों को दस्ताने, जूते, जैकेट और टोपी जैसी जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि संतरी रंग की जैकेट दूर से दिखाई देती है, जिससे सड़क पर कार्य करते समय दुर्घटना की आशंका कम होगी। ईओ ने कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करें, ताकि संक्रमण और हादसों से बचाव हो सके। साथ ही शहरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कूड़ा निर्धारित समय पर दें और गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखें।
वहीं, नगर परिषद प्रधान प्रतिनिधि विशाल मिर्धा और उप प्रधान शशिकांत शर्मा ने कहा कि इस पहल से कर्मचारियों को कार्य में सहूलियत मिलेगी और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। उन्होंने इसे स्वच्छ भारत मिशन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।