संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। टिटौली गांव के प्रॉपर्टी डीलर नरेश को पार्टी में बुलाकर गोली मारने के मामले में शुक्रवार को घायल के परिजन लघु सचिवालय पहुंचे और एसपी के नाम शिकायत दी। घायल के छोटे भाई सुरेश ने पुलिस पर भाजपा नेता राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा के भांजे नरेंद्र उर्फ नाहना को बचाने का आरोप लगाया है। वहीं, भाजपा नेता का कहना है कि मेरा मामले से कोई लेना-देना नहीं है। कानून अपना काम कर रहा है।
परिजनों का कहना है कि यदि इस मामले में आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री से भी न्याय की मांग करेंगे। उधर, जांच अधिकारी सीआईए-दो के एसआई सतीश कादियान का कहना है कि घटनास्थल पर आरोपी की मौजूदगी का मतलब यह नहीं है कि वह गुनहगार है। तथ्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
यह है मामला
टिटौली निवासी सुरेश ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि 11 सितंबर को उनके बड़े भाई नरेश को गांव के ही जोगेंद्र उर्फ लीला व नरेंद्र उर्फ नाहना ने पार्टी के लिए बुला लिया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके सिर में गोली मार दी थी।
वह खुद ही कार चलाकर इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचे थे। वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन हैं जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
इसमें पुलिस ने अनिल उर्फ लीला को गिरफ्तार कर लिया लेकिन जोगेंद्र उर्फ लीला व नरेंद्र उर्फ नान्हा गांव में ही खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस भाजपा नेता के दबाव में आकर उसके भांजे को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
वर्जन
टिटौली गांव गोलीकांड में गोली मारने के आरोपी अनिल उर्फ लीला को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी आरोपियों की जांच की जा रही है। वारदातस्थल पर मौजूद रहने वाला हर आदमी गुनहगार नहीं होता। अगर आरोपी जोगेंद्र उर्फ लीला व नरेंद्र उर्फ नाहना के खिलाफ सबूत मिलेंगे तो गिरफ्तार किया जाएगा।
- एसआई सतीश कादियान, सीआईए-दो
मेरा मामले से कोई लेना-देना नहीं है। कानून अपना काम कर रहा है। मेरा नाम क्यों लिया जा रहा है, समझ से बाहर है।
- रामचंद्र जांगड़ा, राज्यसभा सदस्य भाजपा