27जेएनडी05: सम्मेलन में मंच पर मौजूद भाजपा के पदाधिकारी। स्रोत : संगठन
जींद। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में शनिवार को “12 साल विश्वास के, जनकल्याण के” विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष तेजिंदर सिंह ढुल ने की। इसमें शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्योगपति, व्यापारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
तेजिंदर ढुल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। सरकार की नीतियों और योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। मुख्य वक्ता और जिला प्रभारी डॉ. मदन लाल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए कई जनहितकारी निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि इन 12 वर्षों में देश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और विभिन्न वर्गों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला है। वरिष्ठ भाजपा नेता विजयपाल ने कहा कि पार्टी की विचारधारा राष्ट्रवाद, सेवा, सुशासन और अंत्योदय पर आधारित है। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है।
सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरदार जितेंद्र रोड, डॉ. ओमप्रकाश पहल, नगर परिषद चेयरमैन डॉ. अनुराधा सैनी, मार्केट कमेटी चेयरमैन बबलू गोयल, रामफल मोरखी और गीता बिटानी आदि मौजूद रहे।