27जेएनडी02: पशु चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में। स्रोत : पुलिस
जींद। अंतरराज्यीय पशु चोरी गिरोह के दो सदस्यों यूसुफपुर उर्फ चौतरा निवासी सारिक और मंडावर निवासी रासीद को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पहले से ही जुलाना थाना क्षेत्र के अन्य चोरी के मामले में जेल में बंद थे।
इनको पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर दोनों से पूछताछ की और एक आरोपी की निशानदेही पर चोरी की रकम में से आठ हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना सदर प्रभारी उप निरीक्षक मनीष ने बताया कि गांव ईंटल खुर्द निवासी कविता ने शिकायत दी थी कि 30 नवंबर 2025 की रात चोर पशुबाड़े से एक भैंस और दो कटड़ियों को सफेद रंग की पिकअप में लादकर ले गए थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में उत्तर प्रदेश के शामली जिले के यूसुफपुर उर्फ चौतरा निवासी सारिक और मंडावर निवासी रासीद शामिल हैं। दोनों पहले से ही एक अन्य पशु चोरी के मामले में जिला जेल में बंद थे। इसके बाद पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट लेकर दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी रासीद की निशानदेही पर चोरी की रकम में से आठ हजार रुपये बरामद किए गए।