नरवाना। लघु सचिवालय के पास ढाकल गांव के युवक आर्यन की हत्या झगड़े की रंजिश में की गई थी। हमलावरों का निशाना मंजीत था लेकिन अनजाने में आर्यन की जान चली गई। यह खुलासा पकड़े गए तीन आरोपियों ने किया है। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग सहित उझाना गांव निवासी अमन और अजय को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी राहुल फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी के बारे में पता लगाया जाएगा।
21 अक्तूबर को ढाकल, बेलरखां और उझाना गांव के युवकों के बीच पुरानी कहासुनी को लेकर खूनी संघर्ष हो गया था। इसमें गांव ढाकल निवासी 20 वर्षीय आर्यन पर तेजधार हथियारों से वार किए गए थे। इससे उसकी मौत हो गई थी। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए डीएसपी अमित भाटिया के नेतृत्व में एसआईटी की टीम गठित की गई थी। एसआईटी ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए हिसार, सालासर, कुरुक्षेत्र, हरिद्वार, झारखंड, मनाली में सर्च अभियान चलाया था।
सीआईए टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के संदिग्ध ठिकानों पर छापा डाला। शुक्रवार को सीआईए को सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो आरोपी और एक नाबालिग अपने किसी परिचित के पास आने वाले हैं। सीआईए ने तुरंत बताई जगह पर छापा डालकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ नाबालिग को हिरासत में ले लिया। तीनों को अदालत में पेश किया गया। वहां से नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
वर्जन
आरोपियों ने झगड़े की रंजिश में मंजीत और आर्यन पर हमला कर दिया था जबकि आर्यन उस झगड़े में शामिल नही था। वह सिर्फ झगड़े के दौरान वहां पर मौजूद था। आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। मुख्यारोपी राहुल के बारे में पूछताछ की जा रही है। -अमित भाटिया, डीएसपी, नरवाना
फोटो कैप्शन
26जेएनडी 05-सीआईए टीम की गिरफ्त में आर्यन हत्याकांड में शामिल आरोपी। संवाद
26जेएनडी06-पत्रकार वार्ता करते हुए डीएसपी अमित भाटिया। संवाद
26जेएनडी06-पत्रकार वार्ता करते हुए डीएसपी अमित भाटिया। संवाद