जींद के एक निजी अस्पताल संचालक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल के मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुराने बस अड्डे के पास जेडी-7 पर सरस्वती आई केयर के मैनेजर नरेश कुमार ने शहर थाना पुलिस एफआईआर में बताया कि छह अगस्त को वह सुबह 11 बजे के करीब अस्पताल में बैठे थे। उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई, लेकिन अनजान नम्बर होने के कारण फोन नहीं उठाया।
इसके बाद व्हाट्सएप पर लगातार कॉल आई लेकिन उन्होंने नहीं उठाई। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर लिखित मैसेज आया, इसमें 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। बदमाश ने कहा था कि रात को आठ बजे से पहले 20 लाख रुपये का इंतजाम कर दे, नहीं तो उसे जान से मार दिया जाएगा। जिस नंबर पर मैसेज भेजा गया, वह अस्पताल का बिजनेस नंबर है और यह नंबर सार्वजनिक है, क्योंकि मरीजों को भी किसी तरह की जानकारी लेनी होती है तो इसी नंबर पर करते हैं। डीएसपी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल के मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।