जींद। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप कृषि निदेशक गिरीश नागपाल ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन के अंतर्गत ट्रैक्टर (75 एचपी) स्ट्रा बेलर एवं हे-रेक का एक-एक सेट शामिल करते हुए कुल तीन सेट किराए पर देने के लिए इच्छुक निविदा कर्ताओं से निविदाएं आमंत्रित की जा रहीं हैं।
इच्छुक निविदा कर्ता विभागीय वेबसाइट से निविदा प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा सहायक कृषि अभियंता कार्यालय से कार्यालय समय में प्राप्त कर सकते हैं। भरी हुई निविदाएं 15 मई को शाम पांच बजे तक कार्यालय में जमा करवाई जा सकती हैं। प्राप्त सभी निविदाएं 16 मई को दोपहर दो बजे डीसी की अध्यक्षता में गठित कमेटी के समक्ष खोली जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक समूह के एक सेट का न्यूनतम किराया 12 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। अधिकतम किराया देने वाले निविदा कर्ता को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक समूह के लिए निविदा कर्ता को 1072500 रुपये की बैंक गारंटी जमा करवाना अनिवार्य है। साथ ही प्रति सीजन न्यूनतम 1000 मीट्रिक टन धान की पराली का प्रबंधन करना होगा। निविदा की कार्यावधि पांच वर्ष की होगी। निविदा कर्ता को पिछले तीन वर्षों में किए गए कम से कम 2000 मीट्रिक टन कार्य के बिल, रसीद या विभागीय प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। एक निविदा कर्ता को एक या सभी सेट आवंटित किए जा सकते हैं और सभी सेट अधिकतम दर पर ही उपलब्ध करवाए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय या दूरभाष संख्या 01681-297900 पर संपर्क किया जा सकता है।