29जेएनडी24-लघु सचिवालय में सड़क सुरक्षा को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता करते एडीसी विवेक आर्य। स्र
जींद। एडीसी विवेक आर्य ने कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की सभी सड़कें मोटरेबल बनाई जाएं, कहीं भी गड्ढे हों तो उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए और सड़कों के किनारों पर बढ़ी हुई झाड़ियों की छंटाई सुनिश्चित की जाए।
एडीसी विवेक आर्य सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में रोड सेफ्टी अवेयरनेस कैंपेन चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसका तुरंत चालान किया जाए।
नए बस स्टैंड के प्रवेश और निकास मार्ग का टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। बैठक में एसडीएम दलजीत सिंह, एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, आरटीए सचिव गिरीश कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हिसार विपिन, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज मौजूद रहे।
अधूरे अंडरपास का निर्माण जल्द करें पूरा
जींद-पानीपत क्रॉसिंग पर पेंडिंग पड़े अंडरपास रोड का कार्य जल्द सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरा करने के निर्देश दिए। सभी हाईवे की सर्विस रोड, कैटआई, साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाने का काम सुनिश्चित करने को कहा ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।