21जेएनडी26-टीबी वार्ड में एक्स रे करवाने पहुंचे मरीज। संवाद
जींद। नागरिक अस्पताल के नए भवन में रखी एक्स-रे मशीन मशीन की कैसेट खरीदने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने फिर से टेंडर लगाया गया है। इसकी ऑनलाइन बिड फरवरी के अंत में खुलेगी। ऑनलाइन बिड खुलने के बाद एजेंसी द्वारा एक्सरे मशीन की कैसेट खरीदी जाएगी।
इस पर चार लाख 77 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। पिछले दिनों जब पहले स्वास्थ्य विभाग ने कैसेट खरीदने को लेकर टेंडर लगाया था तो कोई एजेंसी नहीं आई थी। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने फिर से टेंडर लगाया है। एक्सरे मशीन की कैसेट लगभग दो माह पहले खत्म हो गई थी। इस कारण मरीजों के एक्स-रे अस्पताल के नए भवन में न करवाकर टीबी वार्ड में करवाने के आदेश दिए गए थे, ताकि अस्पताल में व्यवस्था बनी रहे। इस कारण एक्सरे के लिए मरीजों को टीबी वार्ड में ही भेजा जा रहा है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है।
अस्पताल में रोज 1500 से 1600 से बीच ओपीडी होती है। इनमें लड़ाई झगड़े, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य मरीजों की जांच के प्रतिदिन 100 से ज्यादा एक्सरे होते हैं। मशीन को ठीक करवाने के लिए कंपनी की तरफ से इंजीनियर बुलाए गए थे। तब इंजीनियर ने बताया था कि मशीन में जो कैसेट चलती थी, वह कंडम हो चुकी है। इसके लिए नई कैसेट स्वास्थ्य विभाग को मंगवानी होगी। फिलहाल एक्सरे मशीन की कैसेट नहीं होने के कारण एक्सरे रूम के बाहर मशीन के खराब होने का नोटिस चस्पा हुआ है।