18जेएनडी25: चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद। संवाद
जींद। सीआरएसयू में सोमवार को कुलपति प्रो. राम पाल सैनी की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक हुई। इसमें में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी व विद्यार्थी हितैषी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कुलपति प्रो. राम पाल सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और काउंसिलिंग की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध एवं तकनीक आधारित बनाया जाए ताकि छात्रों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में विभिन्न संकायों में उपलब्ध सीटों, प्रवेश नियमों, मेरिट प्रक्रिया और नई शिक्षा नीति के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन पोर्टल 25 मई से खोला जाएगा, जबकि ऑनलाइन आवेदन भरने की अंतिम तिथि 16 जून निर्धारित की गई है।
आवेदन पत्र में ऑनलाइन संशोधन की सुविधा 17 से 20 जून तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद प्रवेश परीक्षाएं 30 जून से एक जुलाई तक आयोजित की जाएंगी और उनका परिणाम तीन जुलाई को घोषित होगा।
एमपीएड व बीपीएड (पुरुष) के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) दो जुलाई को तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा तीन जुलाई को सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक होगी। विश्वविद्यालय द्वारा प्रथम मेरिट सूची का प्रदर्शन छह जुलाई को सुबह दस बजे किया जाएगा।