जींद। आधारशिला पब्लिक स्कूल में चल रही दो दिवसीय अस्मिता रग्बी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में जींद की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों आयु वर्गों के फाइनल में जगह बना ली है। अंडर-15 आयु वर्ग में जींद की टीम का मुकाबला पानीपत से होगा जबकि अंडर-18 आयु वर्ग में खिताब के लिए जींद और हिसार की टीमें आमने-सामने होंगी। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों की 20 टीमों ने भाग लिया।
दूसरे दिन रविवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर परिषद जींद की चेयरमैन अनुराधा सैनी, आधारशिला पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अंजु सिहाग और रग्बी संघ हरियाणा की संयुक्त सचिव बबीता सिंह ने किया। इस अवसर पर एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह और वरिष्ठ संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत भी मौजूद रहे।
रग्बी संघ हरियाणा के महासचिव सुशील ढांडा के अनुसार, अंडर-15 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जींद ने सोनीपत को हराया। पानीपत ने रोहतक को शिकस्त दी। भिवानी ने हिसार को पराजित किया और चरखी दादरी ने हांसी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल में जींद ने चरखी दादरी और पानीपत ने भिवानी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-18 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जींद ने पानीपत को हराया, चरखी दादरी ने सोनीपत को मात दी, भिवानी ने हांसी को पराजित किया और हिसार ने रोहतक को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। सेमीफाइनल में जींद ने चरखी दादरी को हराया, जबकि हिसार ने भिवानी को शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।
रग्बी संघ हरियाणा के निदेशक नरेंद्र मोर ने बताया कि प्रतियोगिता की अध्यक्षता संघ की उपाध्यक्ष संयम मराठा ने की। आयोजन के लिए बबीता सिंह को टूर्नामेंट मैनेजर और सहायक जिला अटॉर्नी सारिका सिंह को ज्यूडिशियल ऑफिसर नियुक्त किया गया।
प्रशिक्षित महिला मैच अधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता में हाल ही में वर्ल्ड रग्बी लेवल-1 मैच ऑफिशियल्स का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली दीपा, करीना, ईशा, अंजलि, पायल, सीमा, ज्योति, कुसुम, अनीता और प्रीति ने मैच अधिकारियों की भूमिका निभाई। मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य लड़कियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर देना है।