जींद। किसान छात्र एकता संगठन ने शनिवार को मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति के सचिव सुरेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। संगठन की महासचिव दीक्षा ने बताया कि कई विभागों में शिक्षक छात्रों से भेदभाव करते हैं। इससे आंतरिक मूल्यांकन अंकों में सटीकता और निष्पक्षता की कमी देखी जा सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक लिस्ट में कुछ नंबर लगाते हैं और रिजल्ट में कुछ नंबर दिखाई देते हैं। छात्र चाहते हैं कि परीक्षा से पहले आंतरिक मूल्यांकन अंकों को नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए, ताकि उनको अपने अंकों का पता चल सके। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए। जो छात्र सिफारिश से नंबर लगवाते हैं उनकी वजह से पढ़ने वाले बच्चों को नुकसान न हो। इस अवसर पर उपप्रधान अभिषेक जुलाना, संगठन यूथ प्रधान नवरत्न माथुर, अक्षय, नितेश, प्रथम आदि छात्र मौजूद रहे।