नरवाना। शिक्षा सुधार, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक एवं समाजसेवी राजेश टांक को ग्लोबल रोल मॉडल अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उन्हें पांच अक्तूबर को श्रीनगर में सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ ने कहा कि राजेश टांक ने अपने विद्यालय, आसपास की कॉलोनियों और गांवों में अब तक 7000 से अधिक पौधे व त्रिवेणियां लगवाई हैं जिनमें से कई आज विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण को ऑक्सीजन युक्त बना रहे हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में उनका जीरो ड्रॉप आउट मिशन विशेष रूप से सराहनीय रहा है। इस मिशन के तहत उन्होंने आउट ऑफ स्कूल व कूड़ा बीनने वाले बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाकर उन्हें शिक्षा की राह दिखाई। समाज सेवा में भी उनका योगदान प्रेरणादायी है। वे जरूरतमंद बच्चों को बैग, वर्दी, स्टेशनरी और फीस सहायता उपलब्ध करवाते हैं। अब तक वे सात रक्तदान शिविर आयोजित कर चुके हैं और खुद 10 बार रक्तदान कर चुके हैं। साथ ही वे जन्मदिन व खुशी के अवसर जरूरतमंदों के बीच मनाकर समाज को नई दिशा दे रहे हैं।