आयोजित कार्यक्रम में मौजूद शिक्षा मंत्री कवर पाल गुर्जर।
- फोटो : Jind
जींद। शिक्षा एवं वन मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने शुक्रवार को बिटानी गांव में 40 लाख रुपये की लागत से बने राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल के नये भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश ने ऐसे पांच सौ स्कूल खोलने का लक्ष्य तय किया है। अब तक 116 स्कूल शुरू कर दिए गए हैं। सरकार की ओर से रोजगार और विकास के मामले में किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया जा रहा है। युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आए दिन नए क्रांतिकारी कदम उठा रही है। प्रदेश की बेटियों को कॉलेज की पढ़ाई नजदीक उपलब्ध करवाने के लिए हर 20 किलोमीटर के दायरे में कॉलेज खोले जा रहे हैं। सरकार ग्रामीण स्तर पर शिक्षा को बढ़ावा देने के मकसद से संस्कृति मॉडल स्कूलों की स्थापना कर रही है। अब तक 116 मॉडल संस्कृति स्कूल शुरू हो चुके हैं। सरकार का इन स्कूलों की संख्या 500 करने का लक्ष्य है। इसके अलावा बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए उन्हें टैबलेट देने की योजना लागू की गई है। सरकारी स्कूलों में पढने वाले पांच लाख बच्चों को सरकार की ओर से टैबलेट दिए जाएंगे। बच्चों को दो जीबी का डाटा हर रोज दिया जाएगा। वहीं सरकार ने सुपर 100 योजनाएं भी चलाई है। जिसके तहत 80 प्रतिशत नंबर हासिल करने वाले बच्चों को सरकार की ओर से ही कोचिंग दिलवाकर उन्हें उच्च शिक्षा के लिए भेजा जाएगा।
सरकार की इस योजना से काफी बच्चे आईआईटी व एमबीबीएस में चयनित हुए हैं। इस मौके पर हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्गए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट विजयपाल सिंह व सफीदों के एसडीएम आईएएस डाण् आनंद कुमार शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद थे। इस अवसर पर रणबीर बिटानी, विजयपाल सिंह, श्रवण कु मार गर्ग मौजूद रहे।
जमीन मिले तो होगी बागवानी
मंत्री ने ग्रामीणों के मांगपत्र पर कहा कि इस गांव में 85 एकड़ पंचायती जमीन बताई गई है। ग्राम पंचायत अगर जमीन का प्रस्ताव पास करके उसे विभाग को देगी तो वन विभाग की ओर से उसमें बाग लगाया जाएगा और उनमें पेड़ों को बड़ा करके ग्राम पंचायत को ही सौंप दिया जाएगा। इससे गांव को लाभ भी पहुंचेगा तथा हरियाली भी बनी रहेगी।