जींद के रेलवे स्टेशन उचाना पर एक व्यक्ति हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। जीआरपी तुरंत मौके पर पहुंची और उसे उपचार नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां वह उपचाराधीन है। आसपास के लोगों का कहना था कि घायल नशे की हालत में था। वह मालगाड़ी के डिब्बे पर चढक़र सेल्फी ले रहा था, जिससे वह तार की चपेट में आ गया।
शुक्रवार दोपहर बाद नेपाली मूल के वार्ड-5 उचाना निवासी दिलराज उर्फ राजेश और 42 वर्षीय विनोद रेलवे स्टेशन पर आए हुए थे। इस दौरान विनोद मालगाड़ी पर चढ़ गया और सेल्फी लेने लगा। इससे वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ गया। तार ने उसे पकड़ लिया और फिर उसे फेंक दिया। वह बुरी तरह से झुलस गया।
सूचना के बाद जीआरपी ने उसे तुरंत नीचे उतारा और एंबुलेंस बुलाकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। आसपास लोगों का कहना था कि दोनों भाई नशा किए हुए थे।
अधिकारी के अनुसार
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झुलसे युवक को नीचे उतारा और उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। -कपिल, प्रभारी, जीआरपी चौकी उचाना।