गांव कालवा के निकट बाइक सवार दो युवकों द्वारा एक व्यक्ति को लिफ्ट देकर मारपीट करके नकदी और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है।
बाद में पीड़ित व्यक्ति ने नकदी छीनने वाले एक युवक की पहचान कर ली। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर एक युवक को नामजद करके दो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गांव खरकगागर निवासी कृष्ण ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात दिसंबर को वह किसी कार्य से पिल्लूखेड़ा आया हुआ था। रात ज्यादा हो जाने के कारण कोई वाहन नहीं मिला तो वह पैदल ही गांव की तरफ निकल लिया।
जब वह पिल्लूखेड़ा से निकला तो दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और उसे लिफ्ट दे दी। जब वह कालवा गांव के निकट पहुंचे तो युवकों ने उस पर चादर डालकर मारपीट की और उसकी जेब में मौजूद 1500 रुपये की नकदी, एक मोबाइल फोन तथा जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।
उसके बाद पुलिस को शिकायत दी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद अपने स्तर पर युवकों की तलाश की तो नकदी छीनने वाले युवक की पहचान गांव निडानी निवासी विकास के रूप में हुई। पुलिस ने कृष्ण की शिकायत पर गांव निडानी निवासी विकास तथा एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
छात्र से मारपीट करके छीनी बाइक
गांव खरल निवासी वरुण से लगभग एक दर्जन युवकों ने रास्ता रोककर हमला करने के बाइक छीन ली। बाद में युवक मौके से फरार हो गए।
नरवाना शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव खरल निवासी वरुण ने बताया कि वह केएम कालेज नरवाना में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है।
मंगलवार को उसका अंग्रेजी विषय का पेपर था, जिसे देकर बाइक से गांव की तरफ जा रहा था। जब वह नवदीप स्टेडियम के निकट पहुंचा तो गांव खरल निवासी मनदीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
इस दौरान युवक उसकी बाइक तथा कोट छीनकर फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वरुण की शिकायत पर गांव खरल निवासी मनदीप, गांव झील निवासी सचिन मोर, अमित तथा पांच-छह अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।