संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में सोमवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा नेे समाधान शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याएं सुनीं और निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निपटान समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
डीसी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान शिविर में सीनियर सिटीजन पॉलिसी के तहत निजी बसों में किराए में छूट न मिलने संबंधी शिकायत पर डीसी ने रोडवेज और आरटीए विभाग को निर्देश दिए कि निजी बस ऑपरेटरों की ओर से सरकारी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि यदि सरकारी नियम निजी बसों पर लागू होते हैं तो उनका सख्ती से पालन कराया जाए ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान गांव भाणा के ग्रामीणों ने पीएम श्री सेकेंडरी स्कूल की ओर जाने वाली गली का रास्ता खुलवाने की मांग रखी। वहीं गांव फतेहगढ़ निवासी अनीता ने बिजली बिल दुरुस्त करवाने संबंधी शिकायत दर्ज करवाई।
गांव ढाठरथ निवासी जसमेर ने फैमिली आईडी में आमदनी कम करवाने और गांव अलेवा में ट्यूबवेल लगवाने संबंधी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। डीसी ने सभी मामलों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।