जींद। भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार एक जुलाई को क्वालीफाइंग तिथि मानकर मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर तक दर्ज करवाई जा सकती हैं।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 12 व 13 सितंबर तथा 26 व 27 सितंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक अपने आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को जमा करवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों की निर्धारित आयु पूरी हो चुकी है और उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे विशेष अभियान के दौरान संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवेदन करें।
इसके अलावा मतदाता पहचान पत्र या मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसके सुधार के लिए भी बीएलओ को आवेदन दिया जा सकता है।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद