जींद। सफीदों विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर नामांकन दाखिल करने वाले विधायक सुभाष गांगोली की विधायक बनने के बावजूद पांच साल में केवल चार लाख रुपये आदमनी बढ़ी है। 2019 में जब उन्होंने नामांकन दाखिल किया था तो उनकी आय 55 लाख रुपये थी, जो अब 59 लाख रुपये हो गई है। सुभाष गांगोली के पास एक 32 बोर की पिस्तौल है।
नामांकन दाखिल करते समय सुभाष गांगोली ने जो हलफनामा दिया है, उसके अनुसार उनके पास तीन लाख 15 हजार रुपये नकदी है, जोकि 2019 में तीन लाख 22 हजार रुपये थी। उनके पास बैंक खातों में 27 लाख 67 हजार 842 रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी बलकेश के पास एक लाख 70 हजार रुपये नकदी है। उन्होंने बैंकों में साढ़े पांच लाख रुपये जमा करवाए हुए हैं। सुभाष गांगोली का मुख्य व्यवसाय हैचरी का काम है। उन्होंने इस व्यवसाय में 16 लाख 16 हजार रुपये लगाए हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी ने भी इस व्यवसाय में 24 लाख 87 हजार रुपये लगाए हुए हैं। सुभाष गांगोली ने 70 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी ली हुई हैं। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों में तीन करोड़ 43 लाख रुपये इनवेस्ट किए हुए हैं। उनके पास एक महेंद्र गाड़ी 16 लाख 75 हजार रुपये की है। वहीं 150 ग्राम सोने के जेवरात हैं। उनकी पत्नी जेवरात के मामले में उनसे आगे हैं। बलकेश के पास 370 ग्राम सोने के जेवरात हैं। इसके अलावा चांदी के भी गहने हैं। सुभाष गांगोली के पास 39 एकड़ जमीन है, जोकि 2019 में 37 एकड़ थी। गांगोली पर साढ़े 6 करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी है। उनके पास पांच करोड़ के आसपास चल तथा छह करोड़ के आसपास अचल संपत्ति है।