28जेएनडी02: सीआरएसयू में मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : बहराइच मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में भर्ती बीमार बच्चे।
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े विद्यार्थियों ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कुलसचिव प्रोफेसर सीमा गुप्ता के खिलाफ नारेबाजी की। विद्यार्थियों ने पांच दिनोें में मांगे न पूरी ने होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
इसके बाद रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर करीब एक घंटे तक धरना दिया। इस दौरान कुलसचिव द्वारा समस्याएं सुनने की मांग की गई लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और प्रशासनिक भवन के बाहर उनका पुतला फूंका गया।
छात्र नेता सतविंदर ढिल्लों ने कहा कि लंबे समय से समस्याएं लंबित हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। बाद में विद्यार्थी कुलपति कार्यालय पहुंचे और वहां भी धरने पर बैठ गए। इसके बाद भी विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने के लिए विश्वविद्यालय के अधिकारी नहीं पहुंचे।
यह हैं प्रमुख मांगें
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाने, वोटर आईडी रजिस्ट्रेशन सुविधा शुरू करने, कक्षाओं में एसी लगवाने, रिजल्ट समय पर जारी करने और डीएमसी ऑनलाइन उपलब्ध करवाने की मांग की। इसके अलावा विद्यार्थियों ने रोजगारोन्मुख कोर्स, प्लेसमेंट शुरू करवाने, छात्रवृत्ति जल्द जारी करवाने, बस सुविधा व निजी बस पास मान्यता, हॉस्टल, कैंटीन व डिजिटल सेवाओं में सुधार की मांग की।