जुलाना । जिले के एक कॉलेज की रहने वाली छात्रा ने प्रोफेसर पर प्रपोज करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने इसकी शिकायत महिला सेल में दी तो वह छात्रा को लेकर प्राचार्य के पास पहुंच गईं। प्राचार्य ने दोनों को बुलाकर मामले को शांत करवा दिया, लेकिन सोमवार को छात्रा के पिता ने कॉलेज पहुंचकर शिकायत पर की गई कार्रवाई के बारे में पूछा। प्राचार्य ने छात्र के पिता पर ही अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए जुलाना थाना पुलिस को शिकायत दे दी। बाद में दबाव के कारण प्राचार्य को शिकायत वापस लेनी पड़ी।
प्राचार्य ने आरोप लगाया कि छात्रा के पिता ने उनके काॅलेज का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। मंगलवार को किसान छात्र एकता संगठन के सैकड़ों छात्र काॅलेज पहुंचे तो उनके दबाव में प्राचार्य ने पुलिस को दी शिकायत काे वापस ले लिया। किसान छात्र एकता संगठन ने राज्यपाल के नाम प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि छात्राओं के साथ हो रही छेड़छाड़ पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसान छात्र एकता संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सुमित लाठर ने कहा कि प्रोफेसर के छात्रा के साथ की गई घटना निंदनीय है।
जब आपको पता है तो क्यों पूछ रहे हो
प्राचार्य से जब इस मामले के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। जब प्राचार्य से छात्रा के पिता की शिकायत करने की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि जब आपको पता है तो फिर क्यों पूछ रहे हो। बाद में उन्होंने कहा कि कॉलेज की महिला सेल के सामने मामला रखा गया था। इनमें अब समझौता हो गया है।
प्राचार्य ने अभद्र व्यवहार की शिकायत दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में शिकायत को वापस ले लिया था। -राजकुमार, मंडी चौकी इंजार्ज।