नरवाना शहर पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर उसके रिश्तेदार को सरकारी नौकरी दिलाने के बदले में 15 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों को नामजद किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रोहतक रोड जींद निवासी अशोक ने कहा कि झील गांव निवासी टेकराम व उसके बेटे जगरूप सिंह से उसकी पुरानी जान पहचान थी। दोनों ने उसे विश्वास दिलाया कि उनकी भाजपा के एक बड़े नेता से जान पहचान है। वह किसी को सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। दोनों ने उसे ढ़ाकल गांव के महबूब सेे मिलवाया। अशोक ने महबूब को उसके साले को नौकरी लगवानी की बात कही तो तीनों आरोपियों ने मिलकर दावा किया कि वह पुलिस या ग्रुप डी में उसके रिश्तेदार को नौकरी लगवा सकते हैं। जिस पर उसने उन्हें नौ सितंबर 2018 को दस लाख और 14 सितंबर को पांच लाख रुपये नरवाना के बस स्टैंड के पास दिए। लिस्ट आउट होने के बाद उसके रिश्तेदार को नौकरी नहीं मिली। राशि लेने के बाद उन्होंने न तो नौकरी लगवाई और न ही रुपये लौटाए। कई बार पैसे वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मना कर दिया। जांच अधिकारी रोशनलाल ने कहा कि शहर पुलिस को मिली शिकायत के बाद तीनों लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।