जींद। जिले में वीरवार रात को आई तेज आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था बिगड़ गई। आंधी के कारण शहर के करीब 90 प्रतिशत हिस्से में रातभर बिजली गुल हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि जिलेभर में करीब 190 बिजली के पोल टूट गए। शुक्रवार दोपहर तक भी करीब 30 प्रतिशत क्षेत्रों में बिजली बहाल नहीं हो पाई थी।
वीरवार शाम को मौसम साफ था। फिर रात को अचानक बादल गरजने लगा। कुछ ही देर बाद आंधी आ गई जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालांकि कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई थी।
जींद में 11 मिमी, पिल्लूखेड़ा में दो मिमी और नरवाना, सफीदों, उचाना और जुलाना क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। बारिश रुकने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इसके बाद पूरी रात लोग गर्मी और मच्छरों से परेशान रहे।
कई कॉलोनियों में लोगों को घरों से बाहर निकलकर समय बिताना पड़ा। बिजली नहीं होने के कारण पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। इनवर्टर जवाब देने के बाद हालात और अधिक खराब हो गए। आंधी के कारण सबसे अधिक नुकसान ग्रामीण क्षेत्रों और शहर की बाहरी कॉलोनियों में हुआ है।
बिजली कर्मचारी रात से ही बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटी हुई हैं। शहर के मुख्य हिस्सों में सुबह तक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई, लेकिन कई कॉलोनियों और गांवों में दोपहर तक भी अंधेरा पसरा रहा।
शहरवासी जुगेश, सुनील, सतीश, रूपमा, सलोनी, रामप्यारी का कहना है कि बिजली गुल होने से पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। मच्छरों के कारण लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा। वहीं मोबाइल फोन और अन्य जरूरी उपकरण भी बंद हो गए, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
33 केवी पिंडारा में हुआ ब्लास्ट
शुक्रवार दोपहर बाद 33 केवी पिंडारा में ब्लास्ट हो गया। इसके कारण गोहाना रोड, भारत नगर, डिफेंस कॉलोनी, अर्बन एस्टेट, एकता नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिव कॉलोनी, इंप्लाइज कॉलोनी, न्यू कृष्णा कॉलोनी की बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जोकि रात को ही बहाल हो पाई।
बॉक्स
आगामी दिनों में मौसम खुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी में भी इजाफा होगा।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद
15जेएनडी43-शहर में बारिश के बीच गुजरते वाहन। संवाद