संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नशा मुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा के तहत वीरवार को मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एसपी कुलदीप सिंह ने शिरकत की। अध्यक्षता प्राचार्य रविंद्र कुमार ने की।
एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शरीर को ही नहीं बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र के भविष्य को प्रभावित करता है। विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल का भविष्य है इसलिए युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। एसपी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव के उपायों तथा समाज में इसके कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को एचआईवी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति भी जागरूक करते हुए इसके कारणों, बचाव एवं सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने एसपी से विभिन्न विषयों पर अनेक प्रश्न पूछे। एसपी ने सभी प्रश्नों के सरल एवं प्रेरणादायक उत्तर देकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत एवं ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा कानूनों के बारे में बताया। उन्होंने सीट बेल्ट, हेलमेट, निर्धारित गति सीमा, ट्रैफिक संकेतों का पालन और सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के महत्व बताया।