फोटो 06जेएनडी04-राज्य शिक्षक अवार्डी सतीश सरोहा को पगड़ी पहनाकर स्वागत करते शहरवासी। स्रोत
जींद। शहर के वार्ड नंबर 22, सेक्टर-11 सी स्थित पार्क में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेड़ी खेमावती के गणित शिक्षक एवं राज्य शिक्षक अवार्डी सतीश सरोहा को पगड़ी पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त डीआईपीआरओ सुरेंद्र वर्मा और जिला प्रभारी सूबेदार सूरत सिंह सैन ने की।
वहीं शनिवार को पंचकूला में शिक्षक दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सतीश सरोहा को श्रेष्ठ अध्यापन एवं शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय सेवाओं के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया था।
पुरस्कार के तहत सतीश सरोहा को एक लाख रुपये की नकद राशि, रजत पदक, प्रमाणपत्र और शाल प्रदान की गई। इसके अलावा दो अग्रिम वेतनवृद्धि देने का भी प्रावधान है। उनके पिता सेवानिवृत्त कनिष्ठ अभियंता पूर्ण सिंह सरोहा ने कहा कि बेटे की उपलब्धि पर उन्हें गर्व है। उसने उनका सपना पूरा कर परिवार के लिए गौरव के क्षण पैदा किए हैं।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान नारायण सिंह रोहिल्ला, सेवानिवृत्त हेड टीचर तस्वीर सिंह श्योराण, मुख्याध्यापक संदीप काजल, टीजीटी अंग्रेजी विवेक शर्मा, राकेश सैन, जगबीर हुड्डा, सुमेर सिंह कटारिया, बिजेंद्र सिंह, सुरेश वर्मा, सुरेंद्र वर्मा और सूरत सिंह सैन मौजूद रहे।