नरवाना। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव रमेश गर्ग व अग्रोहा धाम वैश्य समाज नरवाना के प्रधान रोहतास सिंगल ने बताया कि हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल का राज्यस्तरीय व्यापारी सम्मेलन टोहाना के भाटिया भवन रेलवे रोड पर 11 फरवरी को होगा। इसमें मुख्यातिथि हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कॉनफैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग होंगे।
सम्मेलन में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने, व्यापारियों को व्यापार करने में आ रही समस्याओं व व्यापार मंडल के संगठन को प्रदेश व जिलास्तर पर और ज्यादा विस्तार करने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी व्यापार मंडल की कोर कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी और उद्योगपतियों को गुड्स एंड सर्विस टैक्स, भ्रष्ट अफसर शाही, ऑनलाइन व्यापार, व्यापारी व उद्योगपतियों के साथ ऑनलाइन फ्राड, मार्केट कमेटी, शहरी निकाय विभाग और अन्य सरकारी विभागों व व्यापारी व उद्योगपतियों को लोकल स्तर पर कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी समस्याओं को सम्मेलन में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।