लघु सचिवालय परिसर में दोनों पक्षों के बीच हुआ झगड़ा।
- फोटो : amarujala beuro
शहर में महिलाओं की चलाई जा रही गुलाबी ऑटो अब सामान्य ऑटो चालकों के लिए आफत बनती जा रही हैं। महिलाओं पर ऑटो यूनियन के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायत दी। वहीं गुलाबी ऑटो चालक महिलाओं ने भी दूसरे ऑटो चालकों पर अभद्रता का आरोप लगाया और पुलिस को शिकायत दी। जिस समय दोनों पक्ष एसएसपी ऑफिस में शिकायत देने आए, वहीं उनके बीच विवाद हो गया। हालांकि, ऑटो चालकों ने ही बीच बचाव कर विवाद को निपटा दिया।
ऑटो यूनियन के प्रधान विजय दलाल के नेतृत्व में दर्जनों ऑटो चालक और उनके परिवार की महिलाओं ने एसएसपी को दी शिकायत में कहा कि रेलवे स्टेशन पर ऑटो चलाने वाले पुरुष ऑटो चालक गुलाबी ऑटो चालक महिलाओं से परेशान हैं। इन लोगों ने कहा कि महिलाएं बिना नंबर के ऑटो चलाती हैं, जो ऑटो यूनियन के नियमों का उल्लंघन हैं। इन लोगों ने कहा कि महिलाओं के बिना नंबर के यात्री लेने से अन्य ऑटो चालकों को सवारियां नहीं मिल पातीं। नंबर से ऑटो चलाने की बात कहने पर महिलाएं पुरुष ऑटो चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करती हैं। इससे उनकी रोजीरोटी प्रभावित हो रही है।
पुरुष ऑटो चालक करते हैं बदतमीजी
वहीं गुलाबी ऑटो चालक महिलाओं ने एसएसपी को दी शिकायत में कहा कि पुरुष ऑटो चालक उनके साथ बदतमीजी करते हैं। इससे उन्हें काम करने में काफी दिक्कत हो रही है। ऐसे में उनको बिना नंबर के ऑटो चलाने की अनुमति दी जाए। गुलाबी ऑटो की प्रधान बिमला देवी ने कहा कि पुरुष ऑटो चालक उन्हें सवारियां नहीं उठाने देते। शुक्रवार को उनके साथ झगड़ा भी किया गया। ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।