हरियाणा शतरंज एसोसिएशन की दो दिवसीय सातवीं इंटर जिला शतरंज चैंपियनशिप मोतीलाल नेहरू स्कूल में शनिवार को शुरू हुई। इसमें पहले दिन अंडर 10, 14 आयु वर्ग सहित ओपन वर्ग के मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में जींद, कैथल, करनाल, रोहतक, हिसार और फतेहाबाद समेत सात जिलों के 130 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चैंपियनशिप का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी वंदना गुप्ता और स्कूल प्राचार्या मीनाक्षी सिंगला ने शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर किया। एचसीए ने गोवा, गुजरात और तमिलनाडु की तरह हरियाणा में शतरंज को स्कूल स्तर पर विषय के रूप में शामिल करने पर बल दिया।
प्रतियोगिता में जींद के शौर्य की चालों के आगे रोहतक के ईशांत ने घुटने टेक दिए। हिसार के अजय ने रोहतक के राहुल, जींद की तमन्ना ने नेहा को मात दी। ओपन वर्ग में शनिवार को हुए मुकाबलों में जींद के शौर्य ने रोहतक के इशांत, हिसार के नेशनल खिलाड़ी अजय शर्मा ने रोहतक के राहुल, असंध के प्रवीण ने अजय, अजय ने कैथल के राम शर्मा, रमेश ने अंकित, सौरभ ने असंध के अंश, हांसी के कुलदीप ने सफीदों के सोनू, जींद के मोक्षित ने फतेहाबाद के विवेक को हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। अंडर 14 आयु वर्ग में कैथल के अनमोल ने मनन, रोहतक के मृदुल ने अरुण, जींद की नीकिता ने असंध के ओस्टीन, जींद के राहुल ने हिसार के भूपेंद्र, असंध के सूर्य ने फरदीन, जींद के तंशुल ने करनाल के गगनदीप, रोहतक के गर्वित ने विदित, रोहतक के विशान्त ने हिमांशु को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
अंडर-10 आयु वर्ग में हिसार के अक्षत ने नितेश, रोहतक के अनुभव ने प्रियांशु, अनुज ने सात्विक, जीनल ने रोहतक के श्याम, रोहतक के कुशल ने स्नेह, तमन्ना ने नेहा को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। स्पर्धा का आयोजन हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) के तत्वावधान में जींद जिला चेस एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। विजयी खिलाड़ियों में से जिला शतरंज टीम का चयन किया जाएगा, जो भिवानी में होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इस मौके पर एचसीए महासचिव कुलदीप, विजय कुमार, भूपेंद्र, सुदर्शन, नरेश सिंगला, संजय चुघ, प्रवीण कुमार मौजूद रहे।