संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के दस वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत नागरिक अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने इस बार अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की है ताकि कोई भी गर्भवती महिला जांच से वंचित न रह जाए। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुमन कोहली ने की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं और गर्भवती महिलाओं की जांच में किसी तरह की कमी न रहे। डॉ. सुमन कोहली ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत महिलाओं का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, वजन, रक्त शर्करा सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की जाएंगी। उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाएगा।