सोनीपत-जींद के बीच 20 दिन पहले शुरू हुई ट्रेन सेवा का विस्तार किया जाएगा। अगले महीने से यह ट्रेन जींद-सोनीपत के बीच चार फेरे लगाएगी। इससे सोनीपत के साथ-साथ दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी लाभ होगा। सांसद रमेश कौशिक के अनुसार ट्रेन को सुबह करीब सात बजे जींद से चलाने पर विचार हो रहा है। हिंदू कन्या कॉलेज में पूर्व मंत्री बृजमोहन सिंगला के नाम से ऑडिटोरियम का उद्घाटन करने पहुंचे सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि फिलहाल ट्रेन की समय सारिणी से लोगों को इसका खास लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उनकी रेलवे अधिकारियों से बातचीत हुई है और करीब 20 दिन में ट्रेन को नए समय से चालने के साथ-साथ चार फेर भी लगवाए जाएंगे। फिलहाल जींद-सोनीपत यात्री गाड़ी सुबह 10:30 बजे जींद जंक्शन से चलती है और 12:50 बजे सोनीपत रेलवे जंक्शन पर पहुंचती है। इसी प्रकार सोनीपत से 13:10 बजे चलती है और 15:20 बजे जींद रेलवे जंक्शन पर पहुुंचती है। ऐसे में ट्रेन को यात्री भी नहीं मिल पा रहे हैं।
यह होगी नई व्यवस्था
सांसद रमेश कौशिक के अनुसार सुबह करीब सात बजे ट्रेन जींद रेलवे जंक्शन से चलेगी और सोनीपत पहुंचते ही वापस जींद आएगी। इसके बाद फिर से दोपहर के समय ट्रेन सोनीपत के लिए रवाना होगी और शाम करीब छह बजे वहां से जींद के लिए चलेगी।
दिल्ली के यात्रियों को भी होगा लाभ
फिलहाल दिल्ली जाने के लिए अधिकतर यात्री रोहतक के रास्ते ही यात्रा करते हैं, लेकिन सोनीपत के रास्ते जाने वाले यात्रियों को ट्रेन का समय सही नहीं बैठता। ऐसे में नई समय सारिणी लागू होने पर दिल्ली के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिलेगा।