नरवाना। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति की जिला कमेटी की ओर से शहीद भगत सिंह अध्ययन केंद्र में सोमवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के प्रांतीय कोषाध्यक्ष सोहन दास ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए मानवता विरोधी विचारों से टकराना होगा।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय जैसे उच्च कोटि के शिक्षण संस्थाओं को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत खत्म करने का प्रयास जारी है। हरियाणा जैसे राज्य में भी दलितों की साक्षरता दर मात्र 60 प्रतिशत के आसपास है। केवल मात्र चार प्रतिशत दलितों के पास ही खेती के लिए नाममात्र जमीन है। गांवों में डेरों के नाम पर सैकड़ों एकड़ जमीन मौजूद है। मुख्य वक्तव्य के बाद कार्यकर्ताओं के पांच ग्रुप बनाकर आपसी विचार-विमर्श करते हुए अनेक सवाल, प्रतिक्रियाएं और सुझावों को रखा। इस दौरान मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि सबके लिए शिक्षा का नजरिया बड़ी देरी से आया है। इसको पूरा करने में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने सबसे ज्यादा ऊर्जा लगाई है। शिविर में डॉ. रणबीर मलिक, रामफल दहिया, मनीष, जगवंती, राजेंद्र सिंह, बालकिशन, प्रदीप शर्मा, संजीत कुमार, नरेश दनौदा, डिंपल, होशियार सिंह, विक्रम अली, राजभान, रोशन लाल मौजूद रहे।