04जेएनडी29-वर्ल्ड कैंसर डे पर हुई संगोष्ठी में मौजूद कर्मचारी। स्रोत विभाग
जींद। विश्व कैंसर दिवस पर मेडिकल विभाग की तरफ से रेलवे जंक्शन पर मंगलवार को कैंसर को लेकर संगोष्ठी कराई गई। इसमें रेलवे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आशा रानी ने रेलवे कर्मचारियों और आम लोगों को कैंसर के कारणों व इससे बचने के उपायों के बारे में जानकारी दी। रेलवे के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग यादव ने बताया कि धूम्रपान नहीं करने और खान-पान में सावधानी बरतने से कैंसर से आसानी से बचा जा सकता है।
कैंसर होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श कर जांच और उपचार करवाना चाहिए। कैंसर के उपचार को देखकर लोगों से सुनी सुनाई बातों पर कभी भी नहीं जाना चाहिए। इससे बीमारी और बढ़ जाती है और जब तक सही उपचार मिलता है तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। उन्होंने बताया कि मुंह के कैंसर की सबसे बड़ी वजह धूम्रपान और दूसरे तंबाकू उत्पादों का सेवन है। इनसे परहेज कर मुंह के कैंसर से आसानी से बचा जा सकता है। संगोष्ठी के दौरान समाज में कैंसर से संबंधित गलत धारणाओं व भ्रांतियों के दुष्प्रभावों को उजागर किया। एक रोचक खेल के माध्यम से बताया गया कि कैंसर के प्रति गलत धारणा से कैंसर पीड़ित की तकलीफें और बढ़ जाती हैं। इसके बाद पीड़ित को कैंसर को मात देने में दिक्कत आती हैं।
अंत में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलवाई गई। इस अवसर पर सेवानिवृत चीफ फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश कुमार, नर्सिंग अधीक्षक मीनू वर्मा, चीफ फार्मासिस्ट करण शेखू, आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी रावत, सहायक अभियंता श्याम चंद ठाकुर, वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर शैलेन्द्र मिश्रा ने मौजूद रहे।