शहर के रोहतक रोड बाईपास पर एक होटल में व्यवसायी बलवंत दालमवाला की मौत एक सप्ताह बाद भी पुलिस के लिए रहस्य बनी है। एसएसपी की गठित एसआइटी ने मामले की जांच में तेजी ला दी है। पुलिस ने अब तक बलवंत सिंह दालमवाला के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल को बारीकी से जांच की गई और इस दौरान उनके नंबर पर हुए संपर्कों के माध्यम से पुलिस मामले की तहत तक जाने में लगी है। फिलहाल पुलिस ने मौत के मामले की सच्चाई जाने के लिए कॉल डिटेल के आधार पर उसकी दायरे को बढ़ा दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार उनकी मौत के मामले में कई लोगों से पूछताछ हो सकती है और पुलिस को जिन लोगों को फिलहाल अंदेशा बना हुआ है उनको जांच में शामिल किया जा सकता है। ज्ञात रहे कि उनकी संदिग्ध मौत के तुरंत बाद ही एसएसपी शशांक आनंद ने डीएसपी सिटी कप्तान सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठन किया था और जांच भी शुरू कर दी थी, लेकिन बाद में खाप प्रतिनिधियों ने शहर में प्रदर्शन किया था और एसआईटी के इंचार्ज को बदलकर मामले की गहराई से पूछताछ करने की मांग की गई थी। इस पर एसएसपी शशांक आनंद ने एसआईटी का चार्ज एएसपी लोकेंद्र सिंह को बना दिया था। इसके बाद एएसपी लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में जांच को बढ़ाया जा रहा था, लेकिन अब एएसपी लोकेंद्र सिंह भी लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। इसलिए अब पुलिस को फिर से एसआईटी के प्रमुख को दोबारा से बदलना पड़ेगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार बलवंत दालमवाला की रस्म पगड़ी होने के बाद संदेह के घेरे में मौजूद लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच के लिए खाका तैयार कर लिया है। एसएसपी शशांक आनंद ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। जांच के दौरान जो भी सामने आएगा उसका खुलासा कर दिया जाएगा।