18जेएनडी34:सिंधवी खेड़ा गांव में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट। संवाद
जींद। गांव सिंधवी खेड़ा में पिछले कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। गांव की गलियां रात के समय पूरी तरह अंधेरे में डूबी रहती हैं जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग उठाई है।
गांव निवासी अनिल कुमार ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को शिकायत भेजते हुए बताया कि गांव की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं लेकिन अभी तक उनकी मरम्मत के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। रात के समय अंधेरा होने के कारण दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों का खतरा बढ़ गया है।
महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय स्तर पर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई निरीक्षण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस शिकायत को ग्राम दर्शन पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभाग को तुरंत स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए जाएं। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित रूप से बिजली व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की है।