गांव कमाचखेड़ा के खेतों के निकट सोमवार सुबह सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में एक दुकानदार का शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं और उसकी एक टांग को किसी जानवर ने खा लिया था। परिजनों ने शुरुआत में हत्या की आशंका जताई, लेकिन पुलिस इस मामले को सड़क हादसे से जोड़कर देख रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी। युवक के मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
सोमवार की अल-सुबह राहगीरों ने कमाचखेड़ा गांव के पास खेतों में सड़क किनारे एक शव पड़ा हुआ देखा। शव से एक टांग गायब थी। शव की हालत देखकर लग रहा था कि टांग किसी जानवर ने खाई है।
इसकी सूचना जुलाना थाना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर जुलाना थाना प्रभारी समुंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
तलाशी में शव की जेब से कुछ नकदी व आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से शव की शिनाख्त जुलाना के वार्ड 12 निवासी चालीस वर्षीय सुशील के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजनों ने बताया कि सुशील मालवी रोड पर परचून की दुकान चलता था। रविवार शाम सुशील जुलाना में ही किसी दोस्त के यहां लड़का पैदा होने पर पार्टी में गया था।
जब देर सायं तक वह वापस घर नहीं लौटा तो देर रात तक उसकी तलाश की गई लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। सुबह सुशील का शव कमाच खेड़ा गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने मृतक के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
कमाच खेड़ा गांव में सड़क किनारे दुकानदार का शव मिला है। शव को देखकर लग रहा कि दुकानदार की मौत सड़क हादसे से हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया गया है।
समुंद्र सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।