जींद। एक युवक ने महिला को शादी का झांसा देकर उसका छह साल तक यौन शोषण किया। जब महिला गर्भवती हो गई तो दवाई दिलाकर उसका गर्भपात करवा दिया। उससे दो लाख रुपये भी ऐंठ लिए। महिला थाना पुलिस ने आरोपी युवक को नामजद कर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
शहर की एक कालोनी निवासी 38 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2017 में सोशल मीडिया के माध्यम से नारनौंद निवासी राजू से उसका संपर्क हुआ था। इसके बाद राजू का उसके घर आना-जाना हो गया। आरोप है कि राजू ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित कर लिए। इसके बाद से राजू उसका यौन शोषण करने लगा। फिर वह गर्भवती भी हुई। जब यह बात उसने राजू को बताई तो उसने उसे दवाई दिला कर उसका गर्भपात करवा दिया।
फिर एक दिन राजू ने उससे 2 लाख रुपये भी लिए। जब वह राजू पर शादी के लिए दबाव डालती तो वह कुछ दिन और इंतजार करने की बात कहता। फिर एक दिन दोबारा फिर राजू पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से साफ मना कर दिया। उसनेे उधार लिए दो लाख रुपये भी नहीं दिए।
दोबारा शादी करने की बात करने और राशि मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। जांच अधिकारी एएसआई सुमन ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ यौन शोषण करने, गर्भपात करवाने, राशि ऐंठने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच की जाएगी। प्रत्येक बिंदु पर जांच होगी और जांच के बाद इसमें यदि अन्य नाम प्रकाश में आते हैं तो उन्हें भी शमिल कर जांच की जाएगी। ा