05जेएनडी01: रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सदस्य मांगों को लेकर बैठक करते हुए। स्रोत: संगठन
जींद। रिटायर्ड कर्मचारी संघ की बैठक रविवार सुबह शिव कॉलोनी स्थित अक्षर भवन में जिला प्रधान विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव राजकुमार श्योकंद ने किया। इसमें जिला इकाई के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए भविष्य की रणनीति तय की गई।
बैठक में मांग की गई कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग का पूरा लाभ दिया जाए। इसके अलावा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर पंजाब सरकार की तर्ज पर पांच प्रतिशत अतिरिक्त लाभ, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पारिवारिक पेंशनधारकों को एलटीसी की सुविधा तथा वर्तमान एलटीसी व्यवस्था को जारी रखा जाए।
संघ ने निजीकरण और ठेका प्रथा पर रोक लगाने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, न्यायालयों के निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा कौशल विकास निगम के माध्यम से होने वाली भर्तियों पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। संघ ने 30 जून को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बिना किसी शर्त के नोटशनल वेतन वृद्धि का लाभ देने की भी मांग की।
पदाधिकारियों ने बताया कि 12 जुलाई को कर्मचारी भवन, रोहतक में होने वाली हरियाणा रिटायर्ड कर्मचारी संघ की बैठक में आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी और सरकार से वार्ता की रणनीति बनाई जाएगी। इस अवसर पर छाजूराम नैन, आजाद पांचाल, महेंद्र सिंह बिश्नोई, कलीराम, सतबीर सिंह, राजकरण, करमबीर सिंह संधू, राजेंद्र सिंह सैनी और सतीश पटवारी मौजूद रहे।