जिले में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को जिले में सात लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इनमें एक 60 वर्षीय व्यक्ति है, जबकि चार युवा हैं। शहर के सेक्टर-9 निवासी 26 वर्षीय युवक मर्चेंट नेवी में है। वह 28 जून को अमेरिका से आया था। युवक शहर के एक होटल में क्वारंटीन है। जिले में इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 123 पहुंच गई है। पिछले तीन दिन में पांच लोग पॉजिटिव आए थे, लेकिन मंगलवार को एक साथ पांच लोग पॉजिटिव मिले हैं।
शहर के सेक्टर-9 निवासी मर्चेंट नेवी में जवान 26 वर्षीय युवक 28 जून को अमेरिका से आया था। वह किसी कार्य से अमेरिका गया हुआ था। वह दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के बाद टैक्सी कर जींद पहुंचा था। जिला प्रशासन ने उसे शहर के एक होटल में क्वारंटीन किया हुआ था। उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। युवक को फिलहाल उसी होटल में क्वारंटीन कर दिया गया है।
दूसरा मामला गांव हैबतपुर में आया। यहां की रहने वाली युवती मुंबई से आई थी। युवती का भी 28 जून को ही सैंपल लिया गया था। मंगलवार को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवती को घर पर क्वारंटीन किया गया है। तीसरा मामला गांव सुदकैन कलां में आया। यहां के रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना संक्रमित पाया गया है। व्यक्ति के दिमाग की नसों में दिक्कत थी, जिसकी वजह से उसे 24 जून को जयपुर के एसएमएस में भर्ती करवाया गया था। 28 जून को इसका सैंपल लिया गया, जिसकी मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे, दो पुत्रवधू तथा चार पोते हैं।
चौथा पॉजिटिव का मामला गांव उझाना में मिला है। यहां एक 17 वर्षीय युवती पॉजिटिव पाई गई है। यह युवती दिल्ली में पढ़ाई करती थी। इसका परिवार दिल्ली में ही रहता है। यह अपने परिवार के साथ 29 जून को अपनी गाड़ी में गांव पहुंची थी। युवती का 29 जून को नरवाना के नागरिक अस्पताल में सैंपल लिया गया था। मंगलवार को युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके पिता दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। घर में युवती की मां तथा एक भाई है।
पांचवां मामला गांव घोघड़ियां में पाया गया है। यहां के रहने वाले 18 वर्षीय युवक को कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक मुंबई की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। इसे 24 जून को अधरंग हो गया था। यह युवक 29 जून को ट्रेन द्वारा पानीपत पहुंचा था। यहां से कैथल जिले के गांव सेगा निवासी इसकी मौसी का लड़का इसे अपनी गाड़ी में लेकर आया। इसने आते ही नागरिक अस्पताल में अपना सैंपल दिया और घर पर क्वारंटीन हो गया। मंगलवार को युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। युवक से गांव के कुछ लोग भी मिलने पहुंचे हैं। युवक के परिवार में इसके माता-पिता, दो भाई भी हैं। स्वास्थ्य विभाग इन सभी पॉजिटिव लोगों से मिलने वालों की सूची तैयार कर रहा है।
गोहाना रोड पर बाल भवन के पास इलेक्ट्रिकल शोरूम के मालिक का 35 वर्षीय बेटा कोरोना संक्रमित मिला है। युवक जींद की स्कीम नंबर छह की कॉलोनी में रहता है। वह दुकान पर बैठने की बजाय दिल्ली से दुकान का सामान लाता था। सोमवार को अचानक उसकी तबीयत अधिक खराब हुई तो उसे जींद नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल किया गया। सोमवार को उसका कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई।
सुभाष नगर निवासी एक केमिस्ट की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह युवक गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में दवा की दुकान चलाता है। युवक गुरुग्राम में ही रहता है और एक महीने से जींद नहीं आया है। सोमवार को उसकी गुरुग्राम में कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।