जींद। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठग गिरोह के साथ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने करीब चार लाख रुपये के चार लैपटॉप, 17 मोबाइल और 20 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपी पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ में एक किराए के कमरे में रहते थे।
डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि जींद के अर्बन एस्टेट निवासी एक व्यक्ति के पास एक एपीके फाइल आई थी। जैसे ही उसने इस फाइल पर क्लिक किया तो उसका फोन हैक हो गया।
इसके बाद इन ठगों ने उसके अकाउंट से एक लाख आठ हजार रुपये निकाल लिए थे। इस मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपियों को काबू कर लिया। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं लेकिन यह एक गिरोह के रूप में काम करते थे। यह गिरोह की सेकंड लेयर है। पूछताछ के दौरान इस गिरोह के सरगना का पर्दाफाश किया जाएगा।